हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के गांव ऊटपुर की बेटी ने रांची में साउथ एशियन एथलेटिक्स गेम्स में 400 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया है। धाविका मनीषा का हमीरपुर पहुंचने पर साई खेल संस्थान की ओर से भव्य स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय दक्षिणी एशियाई एथलेटिक्स गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर मनीषा ने हमीरपुर का ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम पूरे विश्व में रोशन किया है। मनीषा हमीरपुर कॉलेज के सिंथेटिक ट्रैक की ऐसी पहली खिलाड़ी है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर मुकाम हासिल किया है। दो वर्ष पहले मनीषा ने ओपन एथलेटिक्स गेम्स संगरूर में 400 मीटर दौड़ में 53.81 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीत कर अपनी जगह राष्ट्रीय टीम में सुनिश्चित की है। 64वीं नेशनल अंतर स्टेट प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता, खेलो इंडिया में 400 मीटर रीले में कांस्य पदक जीता, अंडर 23 ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल, खेलो इंडिया प्रतियोगिता में कांस्य पदक तथा इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। मनीषा एक साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। पिता रमेश चंद ट्रक ड्राइवर हैं और माता शीला देवी ग्राहिणी हैं।