जिला मुख्यालय धर्मशाला के समीपवर्ती चांदमारी में 27 मई की रात को स्कूटी से तेल निकालने के आरोप में युवकों से मारपीट मामले के बाद एक युवक गायब हो गया। पिछले पांच दिनों से युवक की कोई जानकारी न मिलने पर परिजन धर्मशाला डीसी और एसपी कार्यालय पहुंचे। सुधेड़ पंचायत के पूर्व प्रधान अजीत ने बताया कि चांदमारी में युवकों से स्थानीय लोगों ने स्कूटी से छेड़छाड़ करने और उनसे तेल निकालने के आरोप में मारपीट की थी। इसके बाद से एक लड़का शिवांश लापता है। इससे परिजन परेशान हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने लड़कों से मारपीट की थी। अगर लड़कों ने स्कूटी से पेट्रोल निकाला अथवा छेड़छाड़ की तो इसकी शिकायत पुलिस में करनी चाहिए थी, जिस पर कानूनी कार्रवाई होती। उन्होंने डीसी और एएसपी कांगड़ा को ज्ञापन सौंप मामले में लड़कों से मारपीट करने वालों से भी पूछताछ करने और लापता शिवांश का जल्द पता लगाने की मांग की। डीसी कांगड़ा ने कहा कि मामले को लेकर एसपी कांगड़ा को निर्देश दिए गए हैं। मामले में पूरी जांच कर लापता लड़के की तलाश जल्द करने निर्देश दिए हैं।