तिब्बती धर्मगुरु 14वें दलाई लामा तेंजिन ग्योत्सो के 90वें जन्मदिवस पर मैक्लोडगंज में आज से दो दिवसीय कार्यक्रम चल रहा है। मैक्लोडगंज स्थित दलाई लामा मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। शनिवार सुबह बौद्ध मठ में दलाई लामा की लंबी उम्र और स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सुबह 8:00 बजे शुरू हुई इस प्रार्थना सभा में दलाई लामा खुद माैजूद रहे। रविवार को केक कटेगा और दलाई लामा अनुयायियों को आशीर्वाद देंगे। 14वें दलाई लामा का 90वां जन्मदिन आधिकारिक तौर पर ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार 6 जुलाई को मनाया जाता है। करीब 48 देशों से बौद्ध धर्म में आस्था रखने वाले और दलाई लामा के हजारों अनुयायी धर्मशाला पहुंच चुके हैं। आयोजन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय हैं। दलाई लामा के जन्मदिवस पर आयोजित समारोह के दाैरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।