मुख्यमंत्री के खिलाफ विधायक सुधीर शर्मा की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में वीरवार को धर्मशाला के कचहरी अड्डा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा और आचरण में संयम बनाए रखना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करते हैं। उन्होंने पार्टी और सरकार से विधायक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक सुधीर शर्मा का पुतला जलाने का प्रयास भी किया। हालांकि मौके पर तैनात पुलिस जवानों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और काफी मशक्कत के बाद पुतला कार्यकर्ताओं से छीन लिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।