पीएम श्री राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबा में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में बच्चों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और गुड टच, बैड टच के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डीएसपी चंबा बलदेव दत्त ने बच्चों को मोबाइल और इंटरनेट का जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी। डीएसपी ने कहा कि बच्चों को मोबाइल का गुलाम बनने के बजाय मोबाइल को अपना गुलाम बनाना चाहिए। कहा कि सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। मोबाइल फोन का पासवर्ड हमेशा मजबूत रखना चाहिए।0 जिससे साइबर बुलिंग और डेटा चोरी जैसी घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने बच्चों को साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए। कहा कि एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचना चाहिए, क्योंकि हैकर अक्सर इसी माध्यम से मोबाइल का डेटा चुरा लेते हैं। उन्होंने बच्चों को बताया कि यदि कोई साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध का शिकार होता है तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या साइबर क्राइम की आधिकारिक वेबसाइट cybercrime. gov. in पर जानकारी दें। विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य रचना ठाकुर, लेक्चरार धीरज ठाकुर, अध्यापक वर्ग में मनी, हितेश चौणा समेत अन्य मौजूद रहे।