चंबा जिले के साहो विद्युत अनुभाग के तहत आते गांव मतियारा और चुल्ला में कम वोल्टेज की समस्या विकराल हो गई है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में राकेश कुमार, मनोज कुमार, रेखा देवी, सुरेखा देवी, सुरेंद्र सिंह, अमित कुमार, शक्ति प्रसाद और रोशन लाल का कहना है कि विवाह सहित अन्य आयोजनों के लिए उन्हें जेनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके अलावा गृह निर्माण के दौरान अगर वेल्डिंग का कार्य करना हो तो भी जेनरेटर लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस बारे बिजली बोर्ड को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन आज दिन तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि इस समस्या का समाधान प्रमुखता से किया जाए। अन्यथा उन्हें उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।