हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के साहो में मेडिकल कॉलेज सरोल के लिए बिछाई जा रही पेयजल लाइन का कार्य वाहनों की रफ्तार रोकने का काम कर रहा है। फुलनू टाला से लेकर लुडेरा तक एक किलोमीटर लंबे लगने वाले इस जाम की वजह से साहो परिक्षेत्र की ओर से आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पाइप लाइन डालने के लिए सड़क के दोनों किनारों पर की जाने वाली खुदाई इसकी मुख्य वजह हैं। जिससे राहगीरों समेत एंबुलेंस में मेडिकल कालेज के लिए लाए जाने वाले मरीजों की दुष्वारियां काफी बढ़ती नजर आ रही है। कई बार लोग सड़क की क्रमबार खुदाई करवाने को लेकर जलशक्ति विभाग को अवगत करवा चुके हैं। बावजूद इसके ठेकेदार की मनमानी अब लोगों के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। बावजूद इसके लोगों की इस ज्वलंत समस्या का समाधान करवाने के लिए किसी ने भी जहमत तक नहीं उठाई है। गुरुवार को भी चंबा-साहो मार्ग पर फुलनू टाला से लेकर लुडेरा तक करीबन एक किलोमीटर का जाम लग गया। जाम में फंसी बसों, माल वाहक वाहनों समेत छोटे वाहनों में सवार सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार, वाहन चालकों में राजीव कुमार, नरेश कुमार, कपिल कुमार, दिनेश कुमार, राजीव कुमार ने जिला प्रशासन और जल शक्ति महकमें से इस समस्या का समाधान करवाने की मांग उठाई है।