जनजातीय क्षेत्र पांगी में पहली बार पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। धरवास हेलीपैड से मुख्यमंत्री का काफिला किलाड़ स्थित मिनी सचिवालय पहुंचा। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री किलाड़ में 3.75 करोड़ रुपये लागत के कृषि विभाग के आवासीय कमरों, राजकीय उच्च विद्यालय लुज में 1.5 करोड़ रुपये लागत से बनने वाले अतिरिक्त कमरों, राजकीय उच्च विद्यालय मिंधल में 1.5 करोड़ रुपये की लागत के अतिरिक्त कमरों, किलाड़ में 2.13 करोड़ रुपये की लागत के मार्केट यार्ड, किलाड़ में 49.42 लाख रुपये लागत के राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के नए कार्यालय, 1.99 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले स्वास्थ्य उप-केन्द्र रेई, 1.99 करोड़ रुपये की लागत के स्वास्थ्य उप-केन्द्र हुडान का शिलान्यास किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री 20.88 करोड़ रुपये लागत से निर्मित मिनी सचिवालय भवन किलाड़, 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आईटीआई भवन किलाड़, किलाड़ में 5.29 करोड़ रुपये लागत से निर्मित बस स्टेंड, किलाड़ में 2.98 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टेंड के लिए वैकल्पिक मार्ग, 19.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नागरिक अस्पताल किलाड़ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने किलाड़ में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के एटीएम का शुभारंभ भी किया।