नॉट ऑन मैप संस्था की ओर से जिला मुख्यालय चंबा स्थित भूरि सिंह संग्रहालय के सभागार में बुधवार को चलो चंबा रिस्पांसिबल टूरिज्म मीट का आयोजन किया गया। इसमें पश्चिम बंगाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिमालयन फोक फेस्टिवल में लोगों को चंबा की संस्कृति की झलक दिखाने व तीसरा स्थान हासिल करने वाले लोक गायक सन्नू राम उर्फ बिट्टू प्रेमी का भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों ने चलो चंबा अभियान को आगे बढ़ाने व अधिक से अधिक लोगों का ध्यान खींचने के उद्देश्य को पूरा करने के लिए योजना तैयार की गई। एसपी जैन कालेज मुंबई की रिसर्च टीम में शामिल परमीत कुमार, प्रणव निक्कम, प्राची शाह तथा सिमरन ओझा ने चलो चंबा अभियान पर अपनी बात रखी। सम्मानित होने के बाद लोक गायक सन्नू राम उर्फ पिट्टू प्रेमी ने बताया कि संस्था की ओर से उन्हें हिमालयन फोक फेस्टिवल में भाग लेने के लिए भेजा गया था। इस फेस्टिवल में हिमालयी क्षेत्रों के करीब 150 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लेकर अपनी-अपनी संस्कृति की छटा बिखेरी थी। इस अवसर पर डीटीडीओ चंबा राजीव मिश्रा, भूरि सिंह संग्रहालय के क्यूरेटर सुरेंद्र ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।