अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राहुल चौहान ने शतायु मतदाता व चंबा विधानसभा क्षेत्र के वृद्धजन आइकॉन सरदार प्यार सिंह को उनके 105वें जन्मदिन के अवसर पर मोहल्ला जनसाली स्थित घर पर जाकर बधाई व शुभकामनाएं दीं । इस अवसर पर उन्होंने सरदार प्यार सिंह से वार्तालाप करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके जीवन अनुभव के संबंध में विस्तृत चर्चा की। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राहुल चौहान ने सरदार प्यार सिंह को शाल भेंट कर सम्मानितञ उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंबा मुकेश रेपसवाल की ओर से सम्मान पत्र भी प्रदान किया। गौरतलब है कि 105 वर्षीय सरदार प्यार सिंह पूर्व में शिक्षक रहे हैं व उन्होंने सेवाकाल के दौरान अपने निर्वाचन संबंधी दायित्व का बखूबी निर्वहन करने के अलावा सेवानिवृत्ति के बाद निरंतर प्रत्येक चुनाव बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। इस अवसर पर वृद्धजन आइकन सरदार प्यार सिंह ने जिला के समस्त मतदाताओं से लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी अरुण शर्मा, नोडल अधिकारी स्वीप व जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान और नोडल अधिकारी चंबा विधानसभा क्षेत्र अविनाश पाल उपस्थित रहे।