भरमौर-पठानकोट हाईवे पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप चढ़ाई पर मशीनरी लेकर जा रहा ट्राला बीच सड़क पर हांफ गया। ट्राले के खराब होने से देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे यातायात पुलिस के जवानों और स्वयं सेवियों ने मोर्चा संभालते हुए वाहनों को क्रमबार आगे बढ़ाने की व्यवस्था करवाकर वाहन चालकों और लोगों को राहत प्रदान की। यात्रियों में राजीव कुमार, प्रमोद कुमार, किशन चंद, दलीपा राम, अंबिया राम, सचिन, अंकित कुमार ने बताया कि अल सुबह 8:00 बजे के करीब पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समीप मशीनरी लेकर उपमंडल भरमौर की ओर जा रहा ट्राला बीच राह ही हांफ गया। इसके बाद यातायात पुलिस के जवानों ने मौके पर पहुंच कर वाहनों की आवाजाही को सुचारू करवा कर लोगों को राहत प्रदान की।