फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO : तकनीकी शिक्षा मंत्री ने हटवाड़ में किया चार भवनों का लोकार्पण

भराड़ी उपतहसील के हटवाड़ पंचायत में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने चार प्रमुख भवनों का लोकार्पण किया। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटवाड़ का आर्ट एंड क्राफ्ट भवन, कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास अनुभाग भवन, तथा युवक मंडल एवं महिला मंडल हटवाड़ भवन शामिल हैं। मंत्री धर्माणी ने 17.13 लाख की लागत से निर्मित आर्ट एंड क्राफ्ट भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस भवन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और व्यावहारिक कौशल को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि कला और शिल्प गतिविधियां बच्चों के मानसिक, शैक्षणिक और भावनात्मक विकास में सहायक होती हैं। ये गतिविधियां न केवल एकाग्रता, समस्या-समाधान और योजना निर्माण जैसे गुणों को निखारती हैं, बल्कि तनाव और चिंता को भी कम करने में सहायक हैं। यह भवन न केवल विद्यार्थियों के लिए बल्कि स्थानीय समुदाय के लिए भी रचनात्मक अभिव्यक्ति और मानसिक स्वास्थ्य के संवर्धन का माध्यम बनेगा। इसके बाद मंत्री ने 16.33 लाख की लागत से बने कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास अनुभाग भवन का लोकार्पण किया। कहा कि यह भवन पंचायत क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्थानीय कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे आम जनता को त्वरित और सुचारु सेवाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही 8 लाख की लागत से निर्मित युवक मंडल एवं महिला मंडल भवन का उद्घाटन करते हुए मंत्री धर्माणी ने युवाओं और महिलाओं को इस भवन के रचनात्मक उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं का दैनिक जीवन अत्यंत व्यस्त होता है, ऐसे में उन्हें महीने में एक-दो दिन अपने लिए अवश्य निकालना चाहिए। इस भवन के माध्यम से वे योग, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य, मनोरंजन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर खुद को न केवल स्वस्थ और ऊर्जावान रख सकती हैं, बल्कि तनाव मुक्त जीवन भी जी सकती हैं। उन्होंने महिला मंडल हटवाड़ को 25,000 की राशि आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए देने की घोषणा भी की। युवाओं से भी उन्होंने अपील की कि वे इस भवन का रचनात्मक कार्यों और सामाजिक गतिविधियों में भरपूर उपयोग करें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हुए समाज के लिए एक प्रेरणा बनें। उन्होंने कहा कि यह भवन युवाओं के लिए सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बनेगा और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें