बिलासपुर जिले की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर से सटे हनुमान टीला पर महर्षि वेद व्यास और बाबा कल्याण दास की प्रतिमाओं का अनावरण जल्द ही किया जाएगा। मूर्तियों का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है और श्रद्धालुओं में इसे लेकर गहरी उत्सुकता है। शनिवार को बाबा कल्याण दास ट्रस्ट के चेयरमैन रामलाल ठाकुर ने सभी ट्रस्टियों के साथ निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। इस मौके पर चेयरमैन ठाकुर ने कहा कि यह स्थान बाबा कल्याण दास की तपोस्थली रहा है। उन्होंने यहां न केवल साधना की थी, बल्कि इस धार्मिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए लंबा संघर्ष भी किया। बिलासपुर की धरती को महर्षि वेद व्यास से भी जोड़कर देखा जाता है। महाभारत के रचयिता माने जाने वाले वेद व्यास ने यहां तपस्या की थी। उनकी गुफा आज भी गोबिंद सागर झील के किनारे आस्था का केंद्र बनी हुई है। ट्रस्ट के सदस्यों का मानना है कि व्यास ऋषि और बाबा कल्याण दास दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाएं एक साथ स्थापित करने से श्रद्धालुओं को धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। रामलाल ठाकुर ने बताया कि प्रतिमाओं के अनावरण के बाद हनुमान टिल्ला धार्मिक पर्यटन का भी केंद्र बनेगा। यहां आने वाले श्रद्धालु न केवल पूजा-अर्चना करेंगे बल्कि उन्हें महर्षि वेद व्यास और बाबा कल्याण दास के तप और संघर्ष की झलक भी देखने को मिलेगी। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ियां भी इन विभूतियों की गाथाओं से परिचित हों और इस स्थान की पवित्रता को आगे बढ़ाएं।