शिमला–मटौर नेशनल हाईवे पर मंगलवार दोपहर डंगार कस्बे के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। ट्रक और स्कूटी की जोरदार टक्कर में स्कूटी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक स्कूटी को करीब 300 मीटर तक घसीटता ले गया। मृतक की पहचान हेमराज (67) निवासी गांव दखयुत, तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब ढाई बजे के आसपास हुआ। हेमराज अपनी स्कूटी पर डंगार से दधोल की ओर जा रहा था। इसी दौरान हमीरपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई और चालक को सड़क पर घसीटते हुए करीब 300 मीटर तक ले गई। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।