शहर के लुहणू मैदान में रविवार को इंडिया बी और इंडिया सी के बीच क्रिकेट मुकाबले का आगाज हुआ। मैच का शुभारंभ ब्रिगेडियर जेएस वर्मा ने किया। मुकाबले को लेकर मैदान में क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह देखने को मिला। टॉस जीतने के बाद इंडिया बी की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद इंडिया सी की टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरी। हालांकि, पारी की शुरुआत में ही इंडिया सी को झटके लगे और टीम ने शुरुआती ओवरों में तीन विकेट गंवा दिए। पहले छह ओवर का खेल पूरा होने तक इंडिया सी की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 40 रन बना लिए थे। दूसरी ओर, इंडिया बी के गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों में विकेट हासिल कर विपक्षी टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक खेल देखने को मिला। लुहणू मैदान में आयोजित इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।