जुखाला कॉलेज में साइंस और कॉमर्स की कक्षाएं बंद किए जाने के विरोध में चल रहे रास्ता रोको आंदोलन को शनिवार को भाजपा के दोनों विधायकों का समर्थन मिला। सदर विधायक त्रिलोक जमवाल और श्री नयना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा आंदोलन स्थल पर पहुंचे और प्रदेश सरकार पर शिक्षा व्यवस्था कमजोर करने का आरोप लगाया। त्रिलोक जमवाल ने कहा कि जुखाला, श्री नयना देवी जी और झंडूता कॉलेज में साइंस व कॉमर्स की कक्षाएं बंद करने का फैसला छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पहले साइंस और कॉमर्स विषय खत्म कर रही है, फिर छात्र संख्या कम होने का हवाला देकर कॉलेजों को भी बंद करने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले ही कई प्राथमिक, मिडिल और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं और अब सरकार की नजर कॉलेजों पर है। रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जुखाला, श्री नयना देवी जी और झंडूता कॉलेजों में बंद की गई साइंस और कॉमर्स की कक्षाएं शीघ्र बहाल नहीं की गई तो आंदोलन जुखाला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे बिलासपुर जिले में फैलाया जाएगा।