घुमारवीं उपमंडल के कोट गांव से संबंध रखने वाले भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी कर्नल विवेक शर्मा (48) के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। कोट निवासी कर्नल विवेक शर्मा पुत्र रतनलाल शर्मा वर्तमान में आर्टिलरी रेजीमेंट झाकड़ी में कर्नल के पद पर सेवाएं दे रहे थे। बीते कुछ समय से वे चंडीगढ़ में स्टडी लीव पर थे, जहां वे उच्चस्तरीय सैन्य प्रशिक्षण से जुड़ी पढ़ाई कर रहे थे। जानकारी के अनुसार रविवार को वह चंडीगढ़ में थे। इसी दिन सुबह के समय कर्नल विवेक शर्मा को अचानक हार्ट अटैक आया। उन्हें तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करवाई गई लेकिन उन्हें बचाया न जा सका। रविवार की रात उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव कोट पहुंचाया गया। सोमवार को गांव कोट के पैतृक श्मशान घाट में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।