बिलासपुर जिले की सदर पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को चुनाव संपन्न हुआ। 25 सदस्यीय पंचायत समिति में भाजपा समर्थित 17 सदस्यों की उपस्थिति के साथ कोरम पूरा होने पर धौनकोठी वार्ड से कुलदीप शर्मा को अध्यक्ष और छकोह वार्ड से नीलम गुप्ता को उपाध्यक्ष सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का स्वागत किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक त्रिलोक जमवाल तथा नयनादेवी विधायक रणधीर शर्मा भी मौजूद रहे। विधायक त्रिलोक जमवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायत और निकाय चुनावों में मिले जनसमर्थन से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में हुए स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि पंचायत और निकाय चुनावों के नतीजे प्रदेश की राजनीतिक दिशा को दर्शाते हैं और आने वाले विधानसभा चुनावों में भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने पार्टी के प्रदर्शन का श्रेय केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, सांसद अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा प्रदेश भाजपा नेतृत्व को दिया। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य सदस्यों ने धौलरा स्थित बाबा नाहर सिंह मंदिर में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।