कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरामोड़ में लगे टोल प्लाजा और हिमाचल प्रदेश एंट्री टैक्स बैरियर को लेकर पंजाब की विभिन्न किसान जत्थेबंदियों ने सोमवार को एक माह बाद फिर से धरना प्रदर्शन किया। साथ ही हिमाचल प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पिछले माह भी हिमाचल प्रदेश एंट्री टैक्स बैरियर को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था, तब इन्हीं किसान जत्थेबंदियों को इस समस्या के समाधान शीघ्र हल करने का आश्वासन देकर टाल दिया गया था। करीब दो माह बीत चुके हैं लेकिन न तो पंजाब सरकार और न ही हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस तरफ कोई ध्यान दिया है। पंजाब की किसान जत्थेबंदियों का कहना है कि उन्हें आश्वासन को मीठा लॉलीपॉप हाथ में थमाया था लेकिन अब ये नहीं चलेगा। इन जत्थेबंदियों का कहना है कि पंजाब से पूरे साल हजारों की संख्या में हिमाचल प्रदेश के अनेक धार्मिक स्थलों पर जाते हैं जिसके चलते हिमाचल प्रदेश एंट्री टैक्स के नाम पर उन्हें लूटा जाता है जोकि सरासर गलत है। इनका कहना है कि माननीय उच्चतम न्यायालय ने कड़ा संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय उच्च मार्गों पर एक साथ दो-दो बैरियर नहीं लगाए जा सकते। जत्थेबंदियों ने ऐलान किया है कि जब तक हिमाचल प्रदेश एंट्री टैक्स को बंद नहीं किया जाता तब तक टोल प्लाजा को बंद रखा जाएगा।