हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए 1 मार्च को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर रोष एवं आग्रह रैली निकालने की घोषणा की है। संघ के राज्य अध्यक्ष रमेश शर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि पिछले तीन महीनों में राज्य कार्यकारिणी का प्रतिनिधिमंडल सात बार माननीय मुख्यमंत्री से मिल चुका है। हर बार वार्ता के लिए बुलाए जाने का आश्वासन मिला, लेकिन न तो किसी पत्र का उत्तर मिला और न ही बैठक के लिए समय दिया गया। उन्होंने कहा कि संघ के आठ पदाधिकारियों को निलंबित कर इंक्वायरी के नाम पर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा इंक्वायरी बंद करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित उच्च अधिकारी आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। वहीं, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद छह पदाधिकारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने के आश्वासन भी अब तक पूरे नहीं हुए।