उपमंडल श्री नयनादेवी जी के स्वारघाट क्षेत्र की ग्राम पंचायत री के डडवाल गांव में आसमानी बिजली गिरने से फर्नीचर फैक्ट्री जल गई। आग से फैक्ट्री के अंदर रखी मशीनरी, तैयार फर्नीचर और कच्चा माल जल गया। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड के आने तक पानी डाल कर आग को फैलने से रोके रखा, जिससे फैक्ट्री के साथ बने शोरूम को जलने से बचा लिया गया। फैक्ट्री मालिक के अनुसार करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार बुधवार वीरवार रात करीब 11:00 बजे डडवाल में पुराने चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे किनारे बनी फर्नीचर फैक्ट्री पर आसमानी बिजली गिर गई। इससे फैक्ट्री में आग लग गई। आग की लपटे देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आग को बुझाने के प्रयास शुरू किए। साथ ही फायर बिग्रेड और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पर पाया गया। डडवाल गांव के स्थानीय लोगों ने पानी फेंक कर आग बुझाने में बड़ी सहायता की। फर्नीचर फैक्ट्री के मालिक रमेश ठाकुर निवासी गांव स्वाहण जिला बिलासपुर ने बताया कि उन्हें रात को सूचना मिली थी कि उनकी फैक्ट्री में आग लगी है। उनके अनुसार करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग की है। उधर, स्वारघाट थाना पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसरा ने की है।