बिलासपुर। मंडी-भराड़ी पुल के पास युवक सनी गिल पर कुल्हाड़ी से हुए जानलेवा हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस ने 28 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सौरभ पटियाल उर्फ फांदी, कुलभूषण ठाकुर उर्फ लक्की और सूर्या चंदेल को बंजार क्षेत्र से पकड़ा गया, जबकि अनिल कुमार और धीरज धर्माणी को आरोपियों की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर उनकी तलाश कर उन्हें दबोच लिया। घायल युवक का उपचार एम्स बिलासपुर में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।