ब्लॉक कांग्रेस कमेटी स्वारघाट ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस ) के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने रेस्ट हाउस स्वारघाट से रैली निकालकर मुख्य बस अड्डा तक मार्च किया और वहां आरएसएस का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान आरएसएस हो बर्बाद और दुष्कर्मियों को फांसी दो जैसे नारे लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में मनुवादी विचारधारा फैलाकर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है, और भाजपा इस विचारधारा को संरक्षण दे रही है। पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामलाल ठाकुर ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के भाई पर लगे आरोपों पर सवाल किया कि भाजपा नेता इस पर चुप क्यों हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न केवल भाजपा, बल्कि कांग्रेस के कुछ प्रदेश स्तर के नेता भी इस गंभीर मुद्दे पर मौन साधे हुए हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और भी उग्र आंदोलन किए जाएंगे। इस मौके पर पूर्व कांग्रेस महासचिव विकास ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अमरजीत बंगा, बीडीसी सदस्य रंगी राम, अशोक ठाकुर, विजय, गुरनाम चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।