वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र) बिलासपुर में विश्व मापदंड दिवस पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कानूनी माप विज्ञान शाखा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, बिलासपुर द्वारा किया गया। इस वर्ष मापदंड दिवस की थीम सभी समय के लिए माप, सभी लोगों के लिए रखी गई थी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने कहा कि माप की शुद्धता व्यापार में पारदर्शिता के साथ उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करती है। कहा कि वर्ष 2024-25 में बिलासपुर जिले में 1260 से अधिक माप यंत्रों की जांच एवं सत्यापन किया गया। इनमें पेट्रोल पंप मशीनें, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, ज्वेलरी स्केल, ब्लड प्रेशर मॉनिटर और थर्मामीटर जैसे यंत्र शामिल हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत मापदंडों से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। 1915 उपभोक्ता हेल्पलाइन इस दिशा में कारगर साबित हो रही है। उन्होंने छात्रों से उपभोक्ता अधिकारों और विज्ञान की मूल अवधारणाओं को समझने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। सहायक नियंत्रक, विधि माप विज्ञान मंडल बिलासपुर प्रवीण सिउटा ने विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाकर माप यंत्रों की जांच करता है और उपभोक्ताओं को जागरूक करता है। प्रधानाचार्य श्याम लाल, अधिकारीगण, व्यापारी वर्ग, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग इस अवसर पर मौजूद रहे। वक्ताओं ने विज्ञान, व्यापार और सामाजिक जीवन में मापदंडों की भूमिका पर विस्तार से बात की और विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे सजग उपभोक्ता बनें और मापन की महत्ता को समझें।