फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा यमुनानगर, पहले सावन सोमवार पर शिव मंदिरों में भारी भीड़

यमुनानगर। सावन माह के पहले सोमवार को जिलेभर के शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह तड़के से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। दिनभर मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। जिले के प्राचीन एवं पौराणिक शिव मंदिर स्वयंभू भाटली, कालेश्वर मठ, पातालेश्वर महादेव मंदिर व अन्य मंदिरों में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, कतारबद्ध दर्शन और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन कराने में सहयोग किया, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में भी विशेष उत्साह दिखाई दिया। कई श्रद्धालु व्रत रखकर सुबह-सुबह मंदिर पहुंचे, जबकि कांवड़ लेकर आए शिवभक्तों ने भी भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिरों में दिनभर रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय मंत्र का जाप, शिव चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा। धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालु भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आए। मंदिरों के आसपास प्रसाद, फूल-माला और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी अच्छी खासी रौनक रही। शाम की आरती के समय एक बार फिर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर परिवार की सुख-शांति और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन जिलेभर के शिवालयों में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें