जगाधरी में दो दिन से लापता व्यक्ति का शव जगाधरी बर्तन बाजार के पास नाले में पड़ा मिला। मृतक की पहचान महावीर काॅलोनी निवासी 42 वर्षीय ट्विंकल के रूप में हुई जोकि एक शादी समारोह से दो दिन पहले लापता हो गया था। मृतक को आखिरीबार दो युवकों के साथ देखा गया था। मामला थाना सदर जगाधरी क्षेत्र का है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उधर, शव को देखकर आस-पास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में पुलिस ने लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला। परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले परिवार में एक शादी थी। जिसके समारोह में ट्विंकल भी शामिल हुआ था। समारोह में उसने शराब का सेवन किया था। जिसके बाद वह लापता हो गया था। पुलिस ने परिजनों के साथ शादी समारोह के आस-पास की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक समारोह से बाहर आता दिखाई दे रहा है। उसके साथ दो युवक भी थे। ट्विंकल के परिजनों का कहना है कि वह नाले में गिरा है या उसकी हत्या कर नाले में डाला गया है, इसकी जांच कराई जाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बूड़िया गेट चौकी इंचार्ज गुरदयाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।