मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक यमुनानगर में शुक्रवार को बारिश की बौछार हुई। हालांकि बारिश हल्की हुई, लेकिन इससे मौसम में ठंडक घुल गई। सुबह नौ बजे बजे दोपहर 12 बजे तक रुक-रुक कर हो हल्की बूंदाबांदी से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। वहीं, मौसम में ठंडक घुलने से अधिकतम 18 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन लगातार चल रही बूंदाबांदी से शहर की सड़कों पर कीचड़ फैल गया जिससे लोगाें को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, बूंदाबांदी के बीच चली शीतलहर के कारण अन्य दिनों की अपेक्षा शहर की सड़कें व मुख्य मार्ग खाली नजर आए। ऐसे में लोग बहुत ही जरूरी कामों के लिए बाहर निकले। विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार को भी भारी बारिश के आसार हैं, लेकिन रविवार से लेकर वीरवार तक धूप के साथ बादल भी छाए रहेंगे। उधर, कृषि विभाग के डीडीए आदित्य डोबास के अनुसार जिले में 90 हेक्टेयर में गेहूं की फसल की खड़ी है। इन दिनों बारिश की भी आवश्यकता है। इससे गेहूं को फायदा होगा।