नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को नौवें दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते शहर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर लग गए हैं और नालियां जाम होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विरोध स्वरूप कैंप, जगाधरी वार्ड-7 और वार्ड-16 में भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार के सुपरवाइजर खुद कूड़ा उठवाकर हड़ताल को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। नगर पालिका कर्मचारी संघ के भूतपूर्व राज्य महासचिव जरनैल सिंह चनालिया ने कहा कि हड़ताल नौवें दिन में पहुंच चुकी है, लेकिन सरकार ने अभी तक राज्य कमेटी के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए नहीं बुलाया। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह गंदगी फैल चुकी है और बदबू के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। ठेकेदार द्वारा कूड़े की ट्रालियां बीच रास्ते में गिराई जा रही हैं, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि ठेकेदार ने ऐसी हरकतें बंद नहीं कीं तो उसके खिलाफ भी आंदोलन शुरू किया जाएगा। धरने में कर्मचारियों ने अपनी मांगें दोहराते हुए सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, सेवानिवृत्ति पर पांच लाख रुपये का लाभ देने, एक्स-ग्रेशिया नीति बहाल करने, फरीदाबाद में शहीद कर्मचारियों के परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता व नौकरी देने तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की।