स्थानीय बस स्टैंड पर पिछले कुछ समय से साइकिल और बाइक स्टैंड का ठेका न होने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टैंड की सुविधा बंद होने से यात्री अपनी बाइकें और साइकिलें बस स्टैंड के मुख्य गेट के बाहर या सड़कों के किनारे लावारिस हालत में छोड़ने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का कहना है कि पहले स्टैंड चालू होने से वे मासिक पास बनवा लेते थे, जिससे उनके वाहन सुरक्षित रहते थे। लेकिन अब स्थिति यह है कि स्टैंड के गेट पर ताला लटका दिया गया है ताकि कोई वाहन अंदर न जा सके। खुले में वाहन खड़े करने के कारण वाहन चोरी होने का डर लगातार बना रहता है। यात्रियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में कई बाइकें चोरी भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों का तर्क है कि जब तक नए ठेके की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक अधिकारियों को स्टैंड का गेट खोल देना चाहिए। गेट बंद होने से वाहन मुख्य मार्ग पर जमा हो रहे हैं, जिससे न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है, बल्कि पैदल चलने वालों को भी दिक्कत हो रही है।