हरियाणा के प्रतापनगर में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बस में चढ़ने की जल्दी में कई छात्राएं फिसलकर नीचे गिर गईं और 6 छात्राएं बस के पिछले पहियों के नीचे आकर कुचल गईं। हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना सुबह करीब 8 बजे प्रतापनगर बस स्टैंड की है। यहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपने स्कूल और कॉलेज जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पांवटा साहिब से दिल्ली जा रही बस पहुंची। चश्मदीदों के अनुसार, बस अभी पूरी तरह रुकी भी नहीं थी कि छात्राओं की भीड़ उसमें चढ़ने लगी। तभी बस हल्का मुड़ी और धक्का लगने से कई छात्राएं नीचे गिर पड़ीं। बस का पिछला टायर 6 छात्राओं के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में गांव कुटीपुर की आरती, प्रतापनगर की अर्चिता, टिब्बी की मुस्कान, बहादुरपुर की संजना, प्रतापनगर की अंजलि और अमनदीप गंभीर रूप से घायल हुईं। इन्हें तुरंत प्रतापनगर के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद यमुनानगर सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एक छात्रा के पेट पर बस का पहिया चढ़ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ड्राइवर सस्पेंड, जांच शुरू घटना के बाद बस चालक को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्राओं ने जताई नाराजगी डीएवी कॉलेज की बीसीए फाइनल ईयर की छात्रा अंजलि ने बताया कि इस रूट पर बसों की संख्या बेहद कम है।