रक्षाबंधन पर्व पर सरकार की तरफ से मिली मुफ्त सफर की सुविधा बहनों के लिए दुविधा अधिक बनती नजर आई। सुबह से ही यमुनानगर, जगाधरी सहित ग्रामीण बस अड्डों पर महिलाओं की भीड़ जुटने लगी, जिसके आगे रोडवेज बसें कम पड़ती दिखीं। इससे मुफ्त सफर का लाभ उठाने बच्चों संग पहुंची महिलाओं के साथ अन्य यात्रियों को दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर वीरवार दोपहर 12 से शनिवार रात 12 बजे तक महिलाओं और उनके साथ 15 साल तक के बच्चो व किशोर-किशोरी को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई। बसों में भीड़ पहले दिन से लगभग दोगुना रही। इसके आगे यमुनानगर डिपो की 149 ऑनरूट बसें नाकाफी लगने लगी। वहीं भीड़ के चलते बसों में चढ़ने को लेकर मारामारी की स्थिति में महिलाओं काफी मशक्कत हुई। वहीं बसों की भीड़ से बचने के लिए निजी बसों या वाहनों को सहारा लेना पड़ा। ऐसे हालात में महिलाओं के साथ बच्चों व वृद्धों को खासी परेशानी हुई।