फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर में बसों के ठहराव की मांग को लेकर छात्राओं ने हाईवे पर लगाया जाम

Naveen Updated Tue, 25 Aug 2026 03:32 PM IST

जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर चुहड़पुर कलां बस स्टॉप पर रोडवेज बसों के नियमित ठहराव की मांग को लेकर मंगलवार को छात्राओं ने जाम लगा दिया। बसों के स्टॉप पर नहीं रुकने से परेशान छात्राएं हाईवे के बीचोबीच खड़ी हो गईं। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब पौने दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। जाम की सूचना मिलते ही छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं बसों के नियमित ठहराव का लिखित आश्वासन मिलने तक सड़क से हटने को तैयार नहीं हुईं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कई बार बस चालक और परिचालक उनके साथ उचित व्यवहार नहीं करते। बसें निर्धारित स्टॉप पर रोकने के बजाय आगे निकल जाती हैं। इससे उन्हें स्कूल और कॉलेज पहुंचने में परेशानी होती है। चार-पांच गांवों के विद्यार्थी होते हैं परेशान छात्रा मोनिका, दीप्ती, महक, आरती, दिव्या और रमन ने बताया कि चुहड़पुर कलां बस स्टॉप से आसपास के चार-पांच गांवों के विद्यार्थी रोजाना स्कूल और कॉलेज जाने के लिए बसों का इंतजार करते हैं। अधिकांश रोडवेज बसें यहां नहीं रुकतीं। बस नहीं मिलने के कारण कई विद्यार्थियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है और वे शिक्षण संस्थानों में समय पर नहीं पहुंच पाते। छात्राओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर रोडवेज विभाग को पहले भी कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी कारण उन्हें दोबारा जाम लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा। एक कर्मचारी करेगा बसों के ठहराव की निगरानी मौके पर पहुंचे रोडवेज इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि चुहड़पुर कलां बस स्टॉप पर एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी। यह कर्मचारी गुजरने वाली रोडवेज बसों का निर्धारित स्टॉप पर ठहराव सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा रूट पर एक अतिरिक्त बस भी लगाने का आश्वासन दिया गया। निर्धारित स्टॉप पर बस नहीं रोकने वाले चालक या परिचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही गई। रोडवेज अधिकारी के आश्वासन के बाद छात्राओं ने करीब पौने दो घंटे बाद जाम खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। जाम खुलने के बाद वाहनों का आवागमन सामान्य करा दिया गया।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें