भारी बारिश होने से जिले के गांव भूखड़ी के पास दादूपुर-नलवी नहर का किनारा दो अलग-अलग जगहों टूट गया। किनारा भी करीब 10 से 15 फीट के टूटे हैं। ऐसे में साथ लगते खेतों में पानी भर गया। जिसके चलते सैकड़ों एकड़ फसलें पानी में डूब गई। अमूमन दिनों में इस नहर में पानी नहीं होता, लेकिन लगातार बारिश होने से नहर ओवरफ्लो हो गई और पटरी का किनारा टूट गया। हालांकि कितनी एकड़ फसलें पानी में डूबी हैं, अभी इसका आकलन नहीं लगाया जा सकता, लेकिन यदि खेतों से पानी नहीं उतरा तो किसानों को काफी नुकसान हो सकता है। किसान मनीष कुमार, राजेंद्र कुमार, मोहन लाल आदि ने बताया कि यह नहर वर्षों से बंद पड़ी थी और इसमें नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही थी। लेकिन, बारिश के चलते चारों ओर से पानी का दबाव इतना बढ़ा कि कमजोर पटड़ी टूट गई।