अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा किला लोहगढ़ साहिब परिसर में आयोजित योग शिविर को लेकर विवाद गहरा गया है। सिख संगत ने मंगलवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले के सभी गुरुद्वारों में गैर-धार्मिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। संगत का कहना है कि गुरुद्वारों की धार्मिक मर्यादा के विपरीत इस प्रकार के आयोजन श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करते हैं। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि भविष्य में जिले के किसी भी गुरुद्वारा परिसर में जानबूझकर अथवा अनजाने में योग शिविर या अन्य गैर-धार्मिक गतिविधियों का आयोजन न होने दिया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। भारतीय किसान यूनियन के डायरेक्टर मनदीप रोड छप्पर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गुरुद्वारा किला लोहगढ़ साहिब में योग शिविर आयोजित किए जाने से सिख समाज में गहरा रोष है। उन्होंने कहा कि सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था श्री अकाल तख्त साहिब पहले ही गुरुद्वारों में योग सहित अन्य गैर-धार्मिक गतिविधियों के आयोजन पर रोक लगाने के निर्देश जारी कर चुकी है। इसके बावजूद गुरुद्वारा परिसर में योग कार्यक्रम आयोजित किया जाना उचित नहीं है। मनदीप ने कहा कि प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी गुरुद्वारा परिसर में इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित होती हैं और उससे विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। सिख संगत ने बताया कि इस विषय को लेकर इससे पहले भी गुरुद्वारा किला लोहगढ़ साहिब में आयोजित महापंचायत के माध्यम से प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराया जा चुका है। इसके बावजूद मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण एक बार फिर ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। संगत ने उम्मीद जताई कि प्रशासन धार्मिक मर्यादाओं का सम्मान करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।