शहर के वार्ड नंबर 10 स्थित आजाद नगर में गंदगी, सीवरेज ओवरफ्लो और बदहाल सफाई व्यवस्था से लोग परेशान हैं। गली में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, जबकि सीवरेज का गंदा पानी लगातार गलियों में बह रहा है। लोगों का आरोप है कि गंदा पानी कई घरों के अंदर तक पहुंच रहा है, जिससे परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंद्रा सलूजा, इंद्रजीत कौर, योगिता, शशि, जगदीश सलूजा ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों को कई बार ऑनलाइन और लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि संबंधित एमसी फोन तक नहीं उठाते और न ही कोई अधिकारी मौके पर पहुंचता है। क्षेत्र में लंबे समय से टिप्पर और सफाई कर्मचारी भी नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। महेंद्र सिंह, आशू, हरदेव सिंह आदि ने बताया कि गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। गली में फिसलन और गंदे पानी के चलते आए दिन स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि सीवरेज ओवरफ्लो होने से जहरीले जीव-जंतु भी पनप रहे हैं, जो कई बार घरों के अंदर तक पहुंच चुके हैं। संतोष, गुरप्रीत, लक्ष्मी का कहना है कि इलाके की बदहाल स्थिति का असर सामाजिक जीवन पर भी पड़ रहा है। युवाओं के रिश्ते आने बंद हो गए हैं और लोग अपने मकान बेचने को मजबूर हो रहे हैं। कई परिवारों ने मकान किराए पर देने का प्रयास किया, लेकिन गंदगी और बदबू के कारण कोई किराएदार तैयार नहीं हुआ। कुछ लोगों ने मजबूरी में अपने घर कम कीमत पर बेच भी दिए। स्थानीय निवासियों ने वार्ड की पार्षद किरण पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि चुनाव के समय वोट मांगने आईं पार्षद उसके बाद कभी क्षेत्र की सुध लेने नहीं पहुंचीं। लोगों ने कहा कि कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष बढ़ता जा रहा है।