यमुनानगर। अपराध शाखा-2 की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 32 लाख रुपये कीमत की 6 किलो 430 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने मामले में दो कथित तस्करों के साथ अफीम के खरीदार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जिले में इतनी बड़ी मात्रा में अफीम बरामद होने का यह पहला मामला है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपराध शाखा-2 प्रभारी राकेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि लाल रंग की कार में सवार कुछ लोग नशीला पदार्थ लेकर कैल बाईपास से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक संदीप, एएसआई योगेश, सुनील, मुख्य सिपाही विजय, विकास और संजय की टीम ने नाकाबंदी कर कार को रोक लिया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को भी बुलाया गया। तलाशी के दौरान कार में सवार कमल बहादुर निवासी बागेश्वरी टोल, जिला बरदियाबहरी, नेपाल के बैग से 3 किलो 280 ग्राम और राजेश रावत निवासी माकुड़ी, थाना मोरी, उत्तराखंड के बैग से 3 किलो 150 ग्राम अफीम बरामद हुई। कुल बरामद अफीम का वजन 6 किलो 430 ग्राम निकला। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अफीम जिला कुरुक्षेत्र के पिहोवा निवासी यशपाल उर्फ रवि को दी जानी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए यशपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।