कैथल में गुरुवार को दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर लोगों अपने घरों को दीपों से सजाया। दिन के समय जहां लोगों ने अपने सगे-संबधियों व मित्रों को मिठाई देकर दीपावली की बधाई दी। वहीं, शाम के समय श्री गणेश व मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। पर्व को लेकर लोगों में पिछले कई दिनों से काफी उत्साह था। दीपों के इस त्योहार पर युवाओं ने जमकर आतिशबाजी भी की। पूरा शहर रोशनी से नहाया हुआ था। लोगों ने अपने घरों को दुल्हन की तरफ सजाया हुआ था। देर रात तक युवाओं ने पर्व पर जमकर आतिशबाजी की। उधर, दिवाली पर्व पर बाजार में खूब रौनक देखने को मिली। सुबह से ही दुकानों पर मिठाइयों की जमकर खरीदारी की गई। बाजारों में पर्व को लेकर भारी भीड़ रही। ज्यादा भीड़ होने के कारण जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस भी पर्व को लेकर सतर्क नजर आई। पर्व को लेकर मेन बाजार, तलाई बाजार, सर्राफा बाजार, रेलवे गेट बाजार, छात्रावास रोड बाजार में भारी भीड़ देखने को मिली। इसके साथ-साथ लोगों में उत्साह सा दिखाई दिया। पर्व को लेकर डोगरा गेट स्थित नीम साहिब गुरुद्वारा में भी भीड़ देखने को मिली।