हरियाणा के चरखी दादरी में बिजली निगम हिसार मुख्यालय में अपर सचिव के तौर पर तैनात रावलधी निवासी राजकुमार के मकान से आठ लाख रुपये के गहने चोरी हो गए। खास बात यह है कि चोरों ने एक भी ताला नहीं तोड़ा। वारदात के बाद आल्मारियों का ताला बंद कर चाबी पहले वाली जगह पर रख दी। फिलहाल, दादरी सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, शिकायतकर्ता ने रंग-रोगन करने वाले श्रमिकों समेत एक महिला पर चोरी का शक जताया है। पुलिस को दी शिकायत में रावलधी निवासी राजकुमार पुत्र मेहर सिंह ने बताया कि उन्होंने घर पर रंग-रोगन करवाया था। उस दौरान सभी गहने व नकदी कमरों में रखीं दो आल्मारियों में रखे हुए थे। उन्होंने घर पर रंग-रोगन गांव निवासी दो श्रमिकों से करवाया था। उनके घर सफाई करने के लिए एक महिला भी आती है।