बड़खल विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित प्रत्याशी धनेश अदलखा ने विधायक की शपथ लेने से पहले ही वीरवार को अधिकारियों की बैठक बुलाई। इस बैठक का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह अधिकारियों को धमकाते नजर आ रहे हैं। अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। एनआईटी स्थित गोल्फ क्लब में अदलखा ने नगर निगम, एफएमडीए व डिपो होल्डरों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सीवरेज की समस्या को लेकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को 72 घंटे के अंदर निलंबित कराने की चेतावनी दी। इसके अलावा उन्होंने डिपो धारकों को भी जमकर लताड़ लगाई और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही।