अंतराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले की सभी व्यायामशालाओं में 50 दिन पूर्व योग शिविर शुरू कर दिए गए हैं। इन शिविरों में सुबह और शाम दोनों समय योग कराया जा रहा है। आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 17 जून को सुबह 8 से 9 बजे तक गांव अगवानपुर में योग शिविर लगेगा, जबकि शाम 4 से 5 बजे तक गांव माहरा में कार्यक्रम होगा। इसी तरह 18 जून को सुबह 8 से 9 बजे तक नसीरपुर बागड़ में और शाम 4 से 5 बजे तक सिकंदरपुर माजरा में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन सभी योग शिविरों का लाइव प्रसारण हरियाणा योग आयोग के फेसबुक पेज पर किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें। जिला योग समन्वयक डॉ. विनोद कुमार और जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. राम अवतार ने योग सहायकों को निर्देश दिए हैं कि वे सुबह 6 से 9 बजे तक अपनी-अपनी व्यायामशालाओं में नियमित योग कराएं। इसके साथ ही औचक निरीक्षण के लिए जिले में एक टीम भी बनाई गई है, जो शिविरों की व्यवस्था पर नजर रखेगी।