सोनीपत के ककराेई रोड स्थित युद्धवीर अखाड़ा में महिला पहलवानों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई। महिला पहलवानों को नशे से होने वाली हानियों के बारे में बताया गया। महिला पहलवानों ने शपथ ली कि वह स्वयं और अपने आस पास लोगों को नशे के न करने के लिए प्रेरित करेंगी। प्रशिक्षक कुलबीर राणा ने बताया कि अमर उजाला की तरफ से चलाई जा रही युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का हिस्सा बनते हुए अकादमी में पहलवानों को शपथ दिलाई गई है। नशा हमारे समाज व युवा पीढ़ी के लिए सबसे खतरनाक है। नशे की लत लगने के बाद युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। नशे की लत लगने के बाद संपूर्ण परिवार बर्बाद हो जाते हैं, व्यक्ति अपना सब कुछ गवां देता है, इसलिए हमें न सिर्फ खुद को अपितु अपने आस पास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरुक करना है। उन्होंने बताया कि आज के समय में युवा नशे की गर्त में जा रहे हैं, इसलिए हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम सभी को नशे के दुष्परिणामों के बारे में अवगत कराएं। प्रशिक्षक सीमा राणा ने बताया कि युवाओं को नशा करना है तो वह मेहनत करने का नशा करें। जिससे वह विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य करके प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने सभी महिला पहलवानों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी यह जिम्मेदारी बनती हैं कि हम युवा को किसी भी प्रकार के नशे से दूर करने के लिए प्रेरित करे। इस दौरान पहलवानों काे नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशे का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया गया। महिला पहलवानों ने शपथ ली कि वह स्वयं और अपने आस पास लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगी। इस दौरान अखाड़ा संचालक देवी सिंह पहलवान मौजूद रहे।