क्षेत्र में वीरवार सुबह हुई बेमौसमी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश से अनाज मंडी में रखा करीब 5 हजार क्विंटल धान भीग गया। फसल में नमी बढ़ने के कारण खरीद भी बंद रही। वहीं तेज हवा और बारिश से खेतों में भी धान की फसल गिर गई। क्षेत्र में वीरवार को सुबह ही बारिश हुई। बेमौसमी बारिश से किसानों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। खेतों से लेकर अनाज मंडी तक धान की फसल को नुकसान हुआ है। अनाज मंडी में धान का सीजन चला हुआ है। इसके चलते अनाज मंडी परिसर में करीब 55 हजार क्विंटल पड़ा हुआ है। इसके अतिरिक्त खेतों में भी धान की फसल खड़ी हुई है। सुबह हुई बारिश से अनाज मंडी परिसर में पड़ा धान भीग गया। किसान रामनिवास का कहना है कि अनाज मंडी में उनकी फसलों की सुरक्षा को लेकर कोई प्रबंध नहीं हैं। फसल कटाई करने के बाद भी उनकी फसलें सुरक्षित नहीं हैं। मार्केट कमेटी सचिव सविता जैन का कहना है कि क्षेत्र में अचानक हुई बारिश से अनाज मंडी में व्यवस्था बिगड़ गई। आढ़तियों को फसलों पर तिरपाल ढंकने को लेकर मुनादी कर सूचित कर दिया था।