प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोजगार संकल्प सिद्धि के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में शनिवार को मिशन रिक्रूटमेंट के तहत सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र खेवड़ा, सोनीपत में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने विभिन्न विभागों में चयनित 71 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 18वां राष्ट्रीय रोजगार मेला रहा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर देशभर के 45 स्थानों पर एक साथ रोजगार मेलों का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत देशभर में 61 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 8 हजार नारी शक्ति भी शामिल रहीं।