सहकारिता, कारागार व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए आपराधिक गतिविधियों को कम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेल अब दंड नहीं सुधार की दिशा में उदाहरण बन रही हैं, जिसके कारण प्रदेश की जेलों में सुधार के साथ-साथ बंदियों को नवाचार कौशल को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि सजा उपरांत कैदी समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। रविवार को जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, मेयर राजीव जैन, जेल महानिदेशक आलोक कुमार राय की मौजूदगी में जिला जेल, सोनीपत परिसर से सोनीपत, करनाल, फरीदाबाद, हिसार, अम्बाला, यमुनानगर और नूंह जेल परिसर में स्थापित जेल फिलिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। जेलमंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि बंदियों को उनके अच्छे आचरण के आधार पर जेल से बाहर काम के अवसर की संभावना को देखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देश पर कुरुक्षेत्र जेल में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जेल फिलिंग स्टेशन की स्थापना की गई थी, इसकी सफलता उपरांत प्रदेश में 11 जेलों में जेल फिलिंग स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया गया और आज इसी प्रक्रिया में 7 फिलिंग स्टेशन का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक प्रदेश की नारनौल, भिवानी, सिरसा व झज्जर जेल परिसर में भी जेल फिलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।