गांधी चौक पर वीरवार को कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई। इस अवसर पर कांग्रेस सांसद सतपाल ब्रह्मचारी सहित अन्य नेताओं ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को याद किया। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने देश को नई दिशा दी। भारत की आजादी और उसके बाद राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में सरकार को झुकाने और जनता की भलाई के लिए आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन नई ऊर्जा और मजबूती से काम करेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा तो देते हैं, लेकिन असल में अपना ही विकास करते हैं, जनता का नहीं। ईडी की तरफ से गोपाल कांडा के ठिकानों पर छापा डालने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, अभय सिंह चौटाला की तरफ से भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बीजेपी के लिए काम करने वाला नेता बताने के सवाल पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि सब जानते हैं कि अभय सिंह को दो सीटें किसने जितवाई थीं। मनोहर लाल पहले ही इस पर साफ कर चुके हैं। इस दौरान शहरी जिलाध्यक्ष कमल दीवान ने कहा कि आज हम यदि आजाद हवा मे सांस ले पा रहे हैं, तो वह हमारे इन महापुरुषों की बदौलत है। युवा पीढ़ी को अपने इतिहास को पढ़ना चाहिए और राष्ट्र के विकास मे योगदान देने के लिए अपने महापुरुषों के सिद्धांतों पर चलना चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, पदम सिंह दहिया, जय भगवान आंतिल, संजीव दहिया, सुरेंद्र शर्मा, शांता जैन, राकेश सौदा, अशोक छाबड़ा, रणजीत कौशिक, प्रेमनारायण गुप्ता, कमल हसीजा, प्रदीप गौतम, मनोज रिढाऊ मौजूद रहे।