सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 के संपर्क मार्ग पर गांव राई स्थित बीडीपीओ कार्यालय के सामने खड़ी कार का शीशा तोडक़र चोर 1.70 लाख रुपये की नकदी और एलईडी चोरी कर भाग गया। पीडि़त ने देखा कि चोरी करने आया युवक कार में सवार था। पीडि़त ने उसकी कार का नंबर भी पुलिस को दिया है। राई थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव जोशी चौहान निवासी विकास चौहान ने राई थाना पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद काम के सिलसिले में राई उप तहसील में आए थे। उन्होंने अपनी कार को बीडीपीओ कार्यालय के सामने नेशनल हाईवे के संपर्क मार्ग पर खड़ा कर दिया। उसके बाद वह उप तहसील में चले गए। करीब आधा घंटा बाद वह बाहर आए तो देखा कि एक युवक कार के अंदर से 42 इंच की एलईडी निकाल रहा था। उन्होंने शोर मचाया तो युवक एलईडी को लेकर आगे खड़ी सफेद रंग की ऑल्टो कार में सवार होकर भाग गया। वह राई गांव के सामने बने फ्लाईओवर के अंडरपास से दिल्ली की तरफ भाग गया। उन्होंने अपनी कार के पास जाकर देखा तो कार का शीशा टूटा हुआ था। उन्होंने देखा कि चोर कार के अंदर से एलईडी के साथ ही पॉलिथीन में बांधकर थैले के अंदर रखे 1.70 लाख रुपये भी चोरी कर ले गया। उन्होंने मामले की सूचना राई थाना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।