वातावरण में लगातार चौथे दिन कोहरा छाया हुआ है। जिससे सुबह जनजीवन प्रभावित रहा। शहर में नौ बजे सूर्य की चमक के साथ ही कोहरे से निजात मिल गई थी। हालांकि ग्रामीण क्षेत्र में दस बजे के बाद ही राहत मिल सकी। हाईवे सहित केजीपी व केएमपी पर वाहन चालकों को कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से परेशानी हुई। शनिवार सुबह ग्रामीण क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। हालांकि शहरी क्षेत्र में कोहरा काफी दिखा। कोहरे के कारण ग्रामीण क्षेत्र में दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई और शहरी क्षेत्र में भी करीब 150 मीटर दूर दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे का असर नेशनल हाईवे-44 व 334 बी के साथ ही केजीपी-केएमपी पर भी दिखाई दिया। केजीपी-केएमपी हाईवे पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा। सडक़ों के साथ रेल यातायात पर इसका असर दिखाई दे रहा है। रेलगाडिय़ां कई घंटे की देरी से चल रही है। उंचाहार छह घंट, आम्रपाली एक्सप्रेस ढाई घंटे, झेलम एक्सप्रेस दो घंटे, जम्मू मेल डेढ़ घंटा की देरी से चल रही है। अन्य मेल, एक्सप्रेस व सवारी गाड़ियां भी एक से दो घंटे तक की देरी से चल रही हैं। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वायु गुणवत्ता सूचकांक मापने के लिए मुरथल में लगाया गया मापक यंत्र शुक्रवार रात से फिर खराब है। सोनीपत से सटे दिल्ली में एक्यूआई 400 से अधिक बना हुआ है।