खेड़ी दहिया गांव के शराब ठेके पर शनिवार की रात तीन लोगों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई। सेल्समैन के साथ मारपीट कर ढाई हजार रुपये लूट लिए। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। रविवार को मुख्य आरोपी को पुलिस ने खांडा गांव के पास घेर लिया। आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन उसका पैर फिसल गया और गिर गया। पुलिस ने उसे काबू कर अस्पताल पहुंचाया। शनिवार की रात खेड़ी दहिया गांव में स्थित शराब ठेके पर खांडा निवासी अशोक अपने तीन साथियों के साथ पहुंचा। आरोप है कि अशोक ने फायरिंग कर वहां दहशत फैलाई और सेल्समैन रामकुमार के साथ मारपीट कर उससे ढाई हजार रुपये लूट लिए इसके बाद आरोपी वहां से चले गए। सेल्समैन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की। पता चला कि शराब ठेके पर फायरिंग करने से पहले आरोपी अशोक व उसके साथियों ने खरखौदा थाना क्षेत्र के खांडा गांव में दुकानों के विवाद में फायरिंग की है।