गोहाना। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के आह्वान पर गोहाना में तीन किसान 36 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। किसान दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे युवाओं के समर्थन में और अमेरिका के साथ प्रस्तावित कृषि फ्री ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। यह भूख हड़ताल 25 जुलाई की शाम तक जारी रहेगी। भूख हड़ताल पर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल (कथूरा), पूर्ण प्रधान (छिछड़ाना) और पाला राम बैठे हैं। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान भी समर्थन देने के लिए पहुंचे और आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई। किसानों का कहना है कि अमेरिका के साथ कृषि फ्री ट्रेड डील लागू होने से देश के किसानों की आजीविका पर असर पड़ सकता है। उनका आरोप है कि ऐसी नीतियों से कृषि क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और छोटे व मध्यम किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से किसानों के हितों को प्राथमिकता देने और कृषि से जुड़े किसी भी बड़े फैसले से पहले किसान संगठनों से बातचीत करने की मांग की। धरने पर मौजूद किसानों ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को उनका पूरा समर्थन है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी और अधिक से अधिक किसानों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। संवाद न्यूज एजेंसी, गोहाना