कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह जकड़ लिया है। रविवार रात करीब दस बजे ही गहरी धुंध छा गई थी, जिसने देर रात से लेकर सुबह तक यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। हालात इतने खराब रहे कि सुबह 11 बजे तक भी कोहरे से पूरी राहत नहीं मिल सकी। सोमवार तड़के स्थिति और गंभीर हो गई। सुबह छह बजे जहां दृश्यता शून्य थी तो सात बजे तक दृश्यता मात्र पांच मीटर रह गई, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। आठ बजे तक दृश्यता बढ़कर करीब 20 मीटर तक पहुंची, जबकि साढ़े नौ बजे के बाद यह 50 मीटर के आसपास दर्ज की गई। सीमित दृश्यता के चलते वाहन चालकों को लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से सफर तय करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर हादसों से बचने के लिए वाहन कतार में चलते दिखे, जिससे आवागमन की रफ्तार पूरी तरह थम सी गई।